चित्रकूट, 9 जनवरी (बु.)। चित्रकूट के बाद बांदा प्रवास पर आए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि बुंदेलखंड का किसान मर रहा है और भाजपा सरकार लगातार झूठ बोलकर किसानों को गुमराह कर रही है। अखिलेश यादव ने कहा की रोजगार है नहीं, आखिर डिफेंस कॉरीडोर कहां बन रहा है। सरकार ने कहां जमीनें ली हैं, कब से काम शुरू होगा, सरकार को इसका जवाब देना चाहिए। वह शनिवार को शहर के मर्दननाका में कार्यकर्ता के घर पर पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि एक बार फिर किसान आंदोलन पर हैं और सरकार से वार्ता विफल हो गई। समाजवादी पार्टी किसानों के साथ है और सरकार को कानून वापस लेना होगा। कहा कि अभी तक सपा ने किसानों को लेकर कार्यक्रम चलाया है। अब युवाओं की बारी है और उनके बीच युवा घेरा कार्यक्रम चलाया जाएगा। बुंदेलखंड के किसानों की दुखती रग पर हाथ रखते हुए कहा कि यहां किसान बदहाल है। सर्दी में मर रहा है, जबकि अभी कड़ाके की सर्दी भी नहीं थी। पहले से बदहाली में रहने वाले अन्नदाता दम तोड़ रहे हैं, जाहिर है कि उनके पास तन पर कपड़े भी ठीक से नहीं हैं। यही हाल युवाओं का है। बेरोजगारी चरम पर पहुंच गई है, युवा खाली हाथ बैठे हैं। सरकार केवल झूठ पर झूठ बोलकर सपने दिखा रही है। सपा की सरकार आने पर किसानों, व्यापारियों और युवाओं के साथ हर वर्ग की समस्याओं को दूर किया जाएगा।



