दिल्ली, 10 जनवरी (बु.)। कोरोना वायरस के लिए टीकाकरण का दूसरा और अंतिम ड्राइ रन कहीं से भी खामियां युक्त न हो इसके लिए रविवार को भी स्वास्थ्य महकमा सभी सेशन साइट (चयनित अस्पताल) पर प्री रिहर्सल करेगा। चिकित्साधिकारी और टीकाकरण प्रक्रिया से संबंधित लोग शनिवार की शाम तक इसी मशक्कत में रहे। रूट प्लान पर गहन मंथन हुआ और रविवार शाम बेली अस्पताल से सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों तक प्रतीक स्वरूप वैक्सीन पुलिस सुरक्षा में भेजे जाने का भी रिहर्सल होगा। टीकाकरण का ड्राइ रन पहली बार पांच जनवरी को हुआ था। उसमें कई तरह की खामियां मिली थीं जिनमें सुधार की गुंजाइश देखी गई। प्रयागराज ही नहीं, अन्य जिलों में भी स्वास्थ्य कर्मियों का प्रशिक्षण खरा नहीं उतरा। इसके मद्देनजर शासन ने एक और ड्राइ रन 11 जनवरी को करने का आदेश दिया था। अब अधिकारी उस पर पूरी तरह से खरा उतरने को पसीने बहा रहे हैं। चिकित्साधिकारियों का कहना है कि 11 जनवरी का ड्राइ रन अंतिम होगा इसलिए यह फुल ड्रेस रिहर्सल की तरह होगा। लेकिन, इससे पहले रविवार को प्री रिहर्सल भी करने की योजना बनी है। टीकाकरण के नोडल डॉ राहुल सिंह ने बताया कि सभी सेशन साइट पर सभी सत्रों का रिहर्सल करेंगे। शनिवार शाम मीटिंग में रविवार के लिए पूरा रूट प्लान तैयार किया गया।



