मेरठ, 26 जनवरी (बु.)। ट्रैक्टर रैली निकालने के लिए मेरठ समेत कई जिलों से गाजीपुर बार्डर पहुंचे किसानों के बीच गणतंत्र दिवस की सुबह भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत पहुंचे। उन्होंने भाकियू कार्यकर्ताओं, समर्थकों व किसानों को संबोधित करते हुए ट्रैक्टर रैली में शामिल होने का जोश भरा। उन्होंने कहा कि इतिहास लिखा जा रहा है। किसानों को धैर्य से काम लेना होगा। आंदोलन के सकारात्मक परिणाम जरूर निकलकर आएंगे। उन्होंने किसानों को संबोधित करते हुए दोहराया कि कृषि कानूनों को वापस लेने तक उनका आंदोलन व निर्णय अडिग है। इससे कतई पीछे हटने वाले नहीं है। मेरठ व आसपास के जिलों के किसान ट्रैक्टर रैली में अक्षरधाम मंदिर वाले रूट से निकलकर वापस गाजीपुर बार्डर पर आएंगे। ट्रैक्टर रैली में क्रांतिधरा के किसान भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष मनोज त्यागी ईकडी ने बताया कि मंगलवार सुबह गाजीपुर बार्डर पर राकेश टिकैत के संबोधन के बाद किसानों में ऊर्जा का नया संचार हुआ।
उन्होंने कहा कि किसान अपने-अपने ट्रैक्टरों के साथ रैली में शामिल होने के लिए तैयार हैं। इसके लिए किसानों को संयम से अपने रूट पर चलने के लिए निर्देशित किया गया है। ट्रैक्टरों पर लगाया राष्ट्रीय ध्वज व कृषि यंत्रभारतीय किसान यूनियन मेरठ के जिला प्रेस प्रवक्ता बबलू जटौली ने बताया कि मेरठ से पहुंचे किसानों ने ट्रैक्टर पर आगे की तरफ राष्ट्रीय ध्वज लगाया है। वहीं ट्रैक्टर के पीछे ट्राली समेत कृषि यंत्रों को जोड़ा हुआ है। ट्रैक्टरों में म्यूजिक सिस्टम, चमकीले एलाय व्हील और कई तरह से ट्रैक्टर-ट्रालियों को आकर्षित करते हुए सजाया गया है। ट्रैक्टर-ट्रालियों को सजाने का उद्देश्य रैली में शामिल होना है। ट्रैक्टरों पर लोक संगीत औरदेशभक्ति के गीत बजते हुए सुनाई पड़ेंगे।



