मुरादाबाद, 9 दिसंबर(बु.)। सरकार गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करने वाले अनुसूचित जाति, जनजाति, पिछड़ा वर्ग, सामान्य वर्ग के लोगों को ग्राम पंचायत की जमीन देकर उनका विकास करने का काम कर रही है। खबर मुरादाबाद से है जहां भूमि सुधार कार्यक्रम के तहत पात्र गरीबों को भूमि का पट्टा देकर उन्हें भूमिधर बनाया जा रहा है। दरअसल प्रदेश सरकार के राजस्व विभाग द्वारा प्रदेश में ग्राम समाज की कृषि योग्य भूमि पट्टे पर आवंटित करने के लिए सशस्त्र बल में सक्रिय सेवा में रहते हुए शहीद हुए ऐसे व्यक्तियों के परिवारीजन को प्रथम वरीयता में भूमि आवंटित की जा रही है। उसी तरह सेना में रहते हुए पूर्णतया दिव्यांग होने वाले सैनिक को द्वितीय वरीयता में ग्राम पंचायत की भूमि का पट्टा दिया जा रहा है। इसके बाद पात्र भूमिहीन अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़े वर्ग के भूमिहीन कृषि श्रमिक या गरीबी रेखा के नीचे जीवनयापन करने वाले सामान्य वर्ग के व्यक्तियों को वरीयता प्रदान करते हुए कृषि योग्य भूमि का पट्टा दिया जा रहा है। मुख्य विकास अधिकारी आनंद वर्धन ने बताया कि पात्रों को कृषि भूमि का पट्टा देकर प्रदेश सरकार उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की काम कर रही है। जो लोग भूमिहीन रहे हैं और दूसरों की भूमि पर काम करके अपनी जीविका चलाते थे, ऐसे लोग अब अपनी भूमि होने पर भूमि सुधार कर कड़ी मेहनत कर अपने परिवार के लिए अन्न पैदाकर खुशहाल जीवन व्यतीत कर रहे हैं। सरकार ने प्रदेश के हजारों पात्र भूमिहीनों को भूमिधर बनाते हुए अब तक 4269 हेक्टेयर कृषि भूमि का पट्टा आवंटन किया है।



