आगरा, 9 दिसंबर(बु.)। जिला जेल से इस साल अप्रैल में पेरोल पर रिहा हुए बंदियों में 61 अभी तक हाजिर नहीं हुए हैं। जेल प्रशासन ने इन बंदियों की सूची आगरा और संबंधित जिलाें के अधिकारियों को भेज दी है । इसके आधार पर पुलिस उनके घरों पर दस्तक दे रही है। उन्हें गिरफ्तार करके दोबारा जेल भेज रही है। कोरोना संक्रमण के चलते इस साल मार्च के आखिरी सप्ताह से बंदियों की मुलाकात बंद है। जेलों में बंदियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए शासन ने सात साल या उससे कम सजा पाने वाले बंदियों को पेरोल पर रिहा करने का फैसला किया था। इसके तहत अप्रैल में जिला जेल से दो बार में 114 बंदियों को पेरोल पर रिहा किया गया था। इन सभी के पेरेाल की अवधि 13 और 23 नवंबर को खत्म हो चुकी है। इसके बावजूद 80 से ज्यादा बंदी नहीं लौटे थे। जेल प्रशासन द्वारा ऐसे बंदियों की सूची संबंधित जिलों के पुलिस अधिकारियों को उपलब्ध कराई गई थी। इससे पुलिस ने उनके घरों पर जाकर दस्तक दी तो कई हाजिर हो गए।वहीं कई बंदियों को पुलिस ने गिरफ्तार करके जेल में दाखिल किया। इसके बावजूद 61 बंदी अभी तक हाजिर नहीं हुए हैं। माना जा रहा है कि यह बंदी जानबूझकर हाजिर नहीं हो रहे हैं। ऐसे में उनके खिलाफ सख्त रुख अपनाया जा रहा है। जिसके बाद पुलिस अब कैदियों के घर और रिश्तेदारों के यहां दबिश दे रही है।



