-
वैक्सीन रजिस्ट्रेशन कराने के नाम पर साइबर ठग बना सकते हैं आपको शिकार
-
कोरोना वैक्सीन जल्द दिलाने का झांसा देकर ओटीपी की मदद से ठग सकते हैं आपकी मेहनत से जुटाई रकम
-
साइबर एक्सपर्ट ने लोगों को ठगी से बचाने के लिए जारी की एडवाइजरी
मुजफ्फरनगर, 29 दिसंबर (बु.)। बढ़ते साइबर अपराधों के मद्देनजर आपको सावधान रहने की जरूरत है। साइबर ठग कोरोना वैक्सीन जल्द दिलाने का झांसा देकर आपके बैंक खाते से रकम उड़ा सकते हैं। ऐसे में कोरोना वैक्सीन रजिस्ट्रेशन से जुड़ी कॉल का अटेंड करने से परहेज करें। साइबर एक्सपर्ट ने लोगों को जागरूक करने के लिए एडवाइजरी जारी की है। दरअसल पूरा विश्व करीब एक साल से कोरोना वायरस की मार झेल रहा है। देश में कई माह के लॉकडाउन लगने के साथ लोगों को बंदिशों के बीच जिंदगी जीना पड़ रहा है। इन सब के बीच साइबर अपराधी तमाम हथकंडों से लोगों को ठग रहे हैं। लाटरी निकलने, ओएलएक्स पर वाहन बेचने, विदेश से धन बेचने, एटीएम कार्ड के नवीनीकरण के नाम पर ठगी कर रहे हैं। अब साइबर ठग कोरोना वैक्सीन दिलाने के नाम पर ठगी कर सकते हैं। इसी कड़ी में लोगों को ठगी से बचाने के नाम पर ठगी कर सकते हैं। साइबर एक्सपर्ट ने यह आशंका जताते हुए लोगों को जागरूक रहने का निर्देश दिया। कोरोना संक्रमण को लेकर लोगों में दहशत है, जिसका फायदा साइबर अपराधी उठा सकते हैं। कोरोना रजिस्ट्रेशन के नाम पर ठगी हो सकती है। कोरोना वैक्सीन से जुड़ी कॉल को नजरअंदाज करने की जरूरत हैं। साइबर अपराधी कोरोना वैक्सीन के रजिस्ट्रेशन के नाम पर आधार कार्ड नंबर मांगेंगे और नंबर लेने के बाद मोबाइल पर आने वाले ओटीपी के बारे में पूछेंगे। ओटीपी नंबर जानकर रजिस्ट्रेशन होने का भरोसा दिलाएंगे। जल्द वैक्सीन पहुँचने का वादा कर लेंगे। कुछ देर बाद अलर्ट एसएमएस आने पर आपकों अपनी भूल का अहसास होगा। ओटीपी के सहारे साइबर ठग उनके बैंक खाते को खाली करते जाएंगे। ऐसे में जरूरी हैं कि कोरोना वैक्सीन से जुड़ी कॉल को लेकर सतर्कता बरती जाएं।




