मुजफ्फरनगर, 29 दिसंबर (बु.)। कोरोना महामारी के बीच अमूमन सब कुछ खुल गया, लेकिन जन सामान्य से जुड़ी ट्रेनों की आवाजाही पूरी तरह शुरू नहीं हो पाई है। आम यात्रियों के लिए अभी एक भी ट्रेन नहीं चल पाई है। यदि आपकों ट्रेन से सफर करना है तो अपनी सीट आरक्षित ही करानी होगी। कोरोना लॉकडाउन से पहले रेलवे स्टेशन से करीब 60 एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों का संचालन होता था। रोजमर्रा हजारों यात्री अपने गंतव्य स्थान पर पहुंचते थे। लॉकडाउन में कई माह तक ट्रेनों का संचालन पूरी तरह बंद रहा। एक-एक कर एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन शुरू हुआ, जिसमें बड़े स्टेशनों पर ही ट्रेन रोके जाने की व्यवस्था की गई थी। अनलॉक के कई माह बाद भी मुजफ्फरनगर से सिर्फ आठ ट्रेनों का संचालन हो रहा है, जिनमें दो ट्रेन साप्ताहिक है। इनमें शताब्दी, जन शताब्दी, फ्रंटियर, छत्तीसगढ़, नौचंदी, नंदा देवी, कोटा और इंटर सिटी शामिल हैं। बड़ी बात यह है कि आम यात्रियों के लिए कोई पैसेंजर ट्रेन अब तक नहीं चल पाई है। रेलवे कर्मचारियों की माने तो जागरूकता की कमी के चलते लोग अभी भी स्टेशन पर पहुंच रहे हैं। नए साल के जनवरी माह में भी अभी पैसेंजर ट्रेन चलने की उम्मीद कम ही है। यदि आपकों ट्रेन में सफर करना है तो अनिवार्य रुप से अपनी सीट सुरक्षित करानी होगी।




