26.3 C
Muzaffarnagar
Sunday, November 8, 2026

मुजफ्फरनगरः शहर के सबसे व्यस्त चौक महावीर चौक पर लगा भीषण जाम, नदारद नजर आई पुलिस

  • सबसे व्यस्त चौक पर लगे जाम में फंसे रही सैकड़ों वाहन, नदारद नजर आई पुलिस

  • लंबे जाम के कारण मीरापुर की प्राइवेट बसों का संचालन काफी देर तक रहा बंद

  • कई बार फोन करने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस

मुजफ्फरनगर, 29 दिसंबर (बु.)।  जानसठ रोड पर सोमवार को लगे जाम ने लोगों को सर्दी में पसीने दिला दिए। टिकैत चौक से लेकर महावीर चौक तक दो घंटे तक लंबा जाम रहा। बड़ी बात यह है कि सबसे व्यस्त माने जाने वाले इस रोड पर दूर तक पुलिस नजर नहीं आई। लंबे जाम के कारण एक बार तो मीरांपुर जाने वाली प्राइवेट बसों का संचालन भी बंद हो गया था। बसों के मालिकों और दूसरे स्टाफ को यातायात संचालन के लिए सड़क पर उतरना पड़ा। कई बार फोन करने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक जाम कई किलोमीटर लंबा हो चुका था। शहर के जानसठ रोड का टिकैत चौक सबसे व्यस्त माना जाता है। यातायात दबाव के हिसाब से चौक का आकार काफी छोटा है। एक मार्ग मंडी, दूसरा परिक्रमा मार्ग, तीसरा जानसठ रोड और चौथा रास्ता महावीर चौक पर जाता है। इस मार्ग पर बड़े वाहनों का आवागमन ज्यादा रहता है। जाम तो यहां की नियति बन गया है, लेकिन सोमवार दोपहर  को लगे जाम ने इस रोड के यातायात को पूरी तरह जाम कर दिया। चारों तरफ वाहनों की कतारें लग गई। टिकैत चौक से जानसठ पुल और महावीर चौक तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। मंडी रोड और एटूजेड रोड की तरफ भी दूर तक वाहनों की लाइन लग गई। इधर जानसठ रोड पर वाहनों की कतार लगने के कारण मीरांपुर-जानसठ जाने वाली प्राइवेट बसों का अड्डे से निकलना बंद हो गया। ऐसे में बस मालिकों और दूसरे स्टाफ ने सड़कों पर उतारकर यातायात चलाने का प्रयास किया। इस पूरे रोड पर कोई टै्रफिक पुलिसकर्मी नजर नहीं आया। बस मालिकों का कहना था कि चार बार फोन करने के बाद पुलिस ने मौके पर आने की जहमत उठाई, तब तक लंबा जाम लग गया था। जाम में फंसे लोग बिलबिलाते रहे। करीब दो घंटे तक रोड पर यातायात रेंगता रहा। टिकैत चौराहे से एक मार्ग का यातायात निकालते तो दूसरे मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग जाती। शाम के समय जाकर यातायात सामान्य हो सका। लोगों का कहना था कि टिकैत चौक के विस्तारीकरण के साथ यहां नियमित रुप से टै्रफिक पुलिसकर्मी की तैनाती किए जाने की जरूरत है, क्योंकि इस रोड पर यातायात का काफी दबाव है। बड़े वाहनों के साथ माल से लदी टै्रक्टर-ट्रालियों का संचालन होता है, जिससे हर समय जाम की स्थिति बनी रहती है।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles