दिल्ली, 14 दिसंबर(बु.)। कृषि कानूनों को लेकर पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों के किसानों का धरना-प्रदर्शन सोमवार को 19वें दिन प्रवेश कर गया। वहीं, देशभर में किसानों ने अपनी मांगों को लेकर शाम 5 बजे तक अनशन शुरू कर दिया है। (बालकरण सिंह बराड़, कार्यकारी अध्यक्ष, अखिल भारतीय किसान सभा) का कहना है कि केंद्र हमारी मांगों को लेकर अड़ा हुआ है। आज जारी अनशन उन्हें जगाने का एक प्रयास है। यूपी गेट सीमा स्थित दिल्ली मेरठ एक्सप्रेस वे की सभी लेन किसानों ने बंद कर दी हैं, जिससे वाहनों का भीषण जाम लग गया है। पिछले 20 घंटे से भी अधिक समय से दिल्ली-जयपुर हाईवे जाम हैं। कृषि कानूनों के विरोध में आंदोलनकारी दिल्ली-जयपुर हाईवे पर ही डेरा डालकर बैठे हुए हैं। रातभर आंदोलनकारी हाईवे पर ही ठहरे हुए थे। अब सुबह फिर से नई रणनीति बनाने में जुटे हुए हैं। वहीं प्रशासन के अधिकारी भी जयसिंहपुर खेड़ा बार्डर पर पहुंच गए हैं जहां पर आंदोलनकारी बैठे हुए हैं। भारी पुलिस बल की मौके पर तैनाती है। किसानों के समर्थन में विभिन्न संगठनों के रविवार को राजस्थान के शाहजहांपुर में एकत्रित हुए थे तथा दिल्ली के लिए कूच की थी। स्वराज इंडिया के अध्यक्ष योगेंद्र यादव, मेधा पाटकर व अन्य संस्थाओं के लोगों ने आंदोलन की बागडोर संभाली हुई है।



