दिल्ली, 14 दिसंबर(बु.)। नए कृषि कानून के विरोध में देश भर के किसानों का दिल्ली में प्रदर्शन चल रहा है। किसानों के समर्थन में दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने एक दिन उपवास रखने का एलान किया है। उन्होंने एक ट्वीट करते हुए इसकी जानकारी दी कि किसानों के समर्थन में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता और जनता कल यानि सोमवार को एक दिन का उपवास रखेगी। सीएम भी खुद एक दिन भूखे रह कर किसानों का समर्थन करेंगे। बता दें कि किसानों ने कृषि कानून के विरोध में शनिवार को टोल-नाकों को फ्री किया था वहीं अब सोमवार को किसान फिर से आंदोलन को तेज करते हुए एक दिन का उपवास रखेंगे। केजरीवाल ने यह भी बताया कि कुछ केंद्र सरकार के मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के नेता यह कह रहे हैं कि किसान देशद्रोही हैं। कई एक्स सर्विसमैन, देश-विदेश के खिलाड़ी, गायक, फेमश हस्तियां, डॉक्टर और बिजनेसमैन किसान आंदोलन का साथ दे रहे हैं। केजरीवाल ने सवालिया लहजे में यह पूछा कि मैं यह भाजपा से यह जानना चाहता हूं कि क्या ये सभी लोग देशद्रोही हैं। देश भर के किसान रविवार 14 दिसंबर को जिला मुख्यालयों पर धरना देंगे। इसके साथ ही सुबह आठ बजे से लेकर शाम पांच बजे तक भूख हड़ताल पर रहेंगे। वहीं हरियाण भाकियू के अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा तीनों कानूनों को वापस नहीं लिया गया तो वे 19 दिसंबर से आमरण अनशन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि अनशन का फैसला उनका है और इसमें जिन किसान भाइयों को शामिल होना हो, वे हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार कृषि कानूनों को रद कर देती है तो वे आराम से अपने घर चले जाएंगे।



