कोलकाता 25 दिसंबर (वार्ता) पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर अर्धसत्य तथा विकृत तथ्यों के सहारे लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाया है। सुश्री बनर्जी ने शुक्रवार को कहा, ”हमारे किसान भाई और बहन नए कृषि कानूनों के खिलाफ सड़कों पर उतरे हैं। उन्हें संबोधित करने के बजाय प्रधानमंत्री ने आज लोगों को अर्धसत्य तथा विकृत तथ्यों के सहारे गुमराह करने का काम किया। ” उन्होंने कहा कि भाजपा नीत केंद्र सरकार सहयोग नहीं कर रही है। सिर्फ राजनीतिक लाभ उठाने के लिए घटिया राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा, ” प्रधानमंत्री ने समस्याओं का समाधान करने की बजाय टेलीविज़न के माध्यम से संबोधित कर किसानों के प्रति चिंता जाहिर की। उन्होंने सार्वजनिक रूप से अपनी प्रधानमंत्री किसान योजना के माध्यम से पश्चिम बंगाल के किसानों की मदद करने का इरादा जताया … वास्तव में वह अर्धसत्य के सहारे लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं।” उन्होंने कहा, ”मोदी सरकार ने पश्चिम बंगाल की मदद के लिए कुछ नहीं किया। उन्होंने राज्य का बकाया 85,000 करोड़ रुपये का एक हिस्सा नहीं जारी किया, जिसमें 8,000 करोड़ रुपये का वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) की राशि बकाया हैं।”



