जयपुर 26 दिसंबर (वार्ता) किसान आंदोलन के समर्थन में राजस्थान के किसानों को हरियाणा सीमा राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या आठ पर लगातार जमावड़ा बढ़ता जा रहा है। किसान आंदोलन के समर्थन में जहां शाहजहांपुर बार्डर पर किसान महापंचायत के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामपाल जाट के नेतृत्व में करीब चार किलोमीटर क्षेत्र में टेंट लगाकर पड़ाव डाल रखा है वहीं राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के संयोजक एवं नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल भी अपने समर्थकों के साथ आज पूर्वाह्न कोटपुतली से दिल्ली के लिए कूच करेंगे। दिल्ली कूच करने वाले लोगों को हरियाणा सीमा पर शाहजहांपुर में रोका जा रहा है, इसलिए राजमार्ग के दोनों तरफ किसान एवं उनके समर्थन में आए लोग अपने ट्रेक्टरों एवं सड़क के किनारे पर ही टेंट लगा रखा है। श्री जाट ने बताया कि आंदोलन के समर्थन में किसानों के आने का सिलसिला लगातार जारी है और आज दोपहर में श्री बेनीवाल के साथ भी किसानों का जत्था शाहजहांपुर बार्डर पहुंचेगा। उन्होंने बताया कि किसान महापंचायत द्वारा गत12 दिसम्बर को ही नेशनल हाईवे पर टेंट लगा दिया था। उन्होंने बताया कि आंदोलन के समर्थन में सबसे पहले गत दो दिसंबर को शाहजहांपुर बार्डर पर किसान पहुंचे उसके बाद किसानों की सौ गुना संख्या बढ़ गई हैं। उन्होंने बताया कि आन्दोलन के बढ़ते प्रभाव के कारण किसानों द्वारा दिल्ली कूच करने का फैसला लेने पर हरियाणा पुलिस प्रशासन द्वारा दिल्ली- मुम्बई सड़क बन्द कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि लगभग चार किलोमीटर दूर तक किसानों का जमावड़ा लगा हुआ है। श्री जाट ने कहा कि न्यूनतम समर्थन मूल्य को गारंटीड कानून बनाने व तीन कृषि कानूनों को वापस लिया जाने के उपरांत ही किसानों का जमावड़ा हटेगा। यह आन्दोलन सत्य, अहिंसा, शांति के मार्ग से चलेगा।



