दिल्ली, 04 फरवरी (बु.)। बदमाशों ने भारतीय जनता पार्टी के पार्षद श्याम सुंदर अग्रवाल के भाई-भाभी से लूट की घटना को अंजाम दिया। वहीं, लूटपाट के दौरान विरोध करने पर बदमाशों ने हवाई फायरिंग कर दी। गोली की आवाज सुनकर जब दंपती के बेटा-बेटी उन्हें बचाने बचाने आए तो बदमाशों ने उनपर भी गोलियां चला दी। एक गोली पार्षद की भतीजी खुशबू के पैर में लग गई। बदमाश जान से मारने की धमकी देकर दंपती से सोने के आभूषण लूटकर फरार हो गए। घायल खुशबू को मैक्स अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पीड़ित संजीव अग्रवाल की शिकायत पर पुलिस केस दर्ज कर बदमाशों की तलाश में जुट गई है। पीड़ित ने बताया की वह लोग खाना खाकर घर से बाहर घूमने के लिए आए थे इसी दौरान बाइक सवार बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजम दे दिया। लूटपाट के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। एक वाहन चालक से लिफ्ट लेकर पीड़ित अपनी बेटी को अस्पताल लेकर पहुंचे। पुलिस घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।



