अमरोहा, 04 फरवरी (बु.)। अमरोहा जिले के गजरौला में महिला सिपाही मेघा चौधरी को गोली मारकर मौत के घाट उतारने वाले हत्यारोपित सिपाही मनोज ढुल को अस्पताल से डिस्चार्ज करने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। बयान दर्ज करने के बाद हत्यारोपित सिपाही को कोर्ट में पेश कर जेल भी भेज दिया है। बयान में मनोज ने महिला सिपाही को शादी से इन्कार करने पर ही गोली मारने की बात कही है। बता दें कि 31 जनवरी की शाम को नगर के मुहल्ला अवंतिका नगर में किराए के मकान में रहने वाली महिला पुलिस कर्मी मेघा चौधरी को थाना सैद नागली क्षेत्र में 112 डायल की गाड़ी पर तैनात सिपाही मनोज ढुल ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसके बाद खुद को भी उसने गोली मार ली थी। पुलिस ने उसे मुरादाबाद के साईं अस्पताल में भर्ती कराया था। बुधवार को वहां के चिकित्सकों ने हत्यारोपित सिपाही मनोज ढुल की जान खतरे से बाहर बताते हुए डिस्चार्ज कर दिया। इसके बाद थाना पुलिस ने आरोपित सिपाही को गिरफ्तार कर लिया। पहले थाने लाए, फिर यहां से कोर्ट में पेश किया और बाद में जेल भेज दिया।



