दिल्ली, 02 फरवरी (बु.)। दिल्ली दंगे के तीन मामलों में सोमवार को कड़कड़डूमा कोर्ट ने पांच आरोपितों को 20-20 हजार रुपये के निजी मुचलके और इतनी ही जमानत राशि पर जमानत दी है। इन आरोपितों को जमानत देते हुए अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश विनोद यादव की कोर्ट ने पुलिस के गवाहों की विश्वसनीय पर संदेह जताया है। आदेश में कहा है कि गवाही देने वाले कांस्टेबलों ने समय रहते न पुलिस थाने में घटना की सूचना दी और न ही पीसीआर को कॉल किया। गत वर्ष 24 फरवरी को दयालपुर इलाके में चांद बाग के पास वजीराबाद रोड ट्रक को क्षतिग्रस्त करने और गन्ने के गोदाम में आग लगाने के मामले में आरोपित दिलदार और सिराज को कोर्ट ने जमानत दी है। इसके अलावा गोकलपुरी इलाके में गत 25 फरवरी को दंगाई भीड़ द्वारा चमन पार्क ए-ब्लॉक में एक व्यक्ति के घर और दुकान में आग लगाने के मामले में आरोपित शाहनवाज उर्फ शानू को भी कोर्ट से जमानत मिल गई है। गोकलपुरी इलाके के भागीरथी विहार फेज-एक गली नंबर-एक में एक दुकान को क्षतिग्रस्त करने के मामले में कोर्ट ने आरोपित राशिद उर्फ मोनू और मुहम्मद फैसल को जमानत दी है। इन मामलों में कोर्ट ने अपने आदेश में कहा है कि सुनवाई पूरी होने में काफी वक्त लगेगा। ऐसे में अनिश्चितकाल के लिए आरोपितों को जेल में रखना उचित नहीं। आरोपित शाहनवाज के जमानत आदेश में कोर्ट ने कहा कि कई मामलों में आरोपित होने पर किसी को एक मामले में जमानत देने से इन्कार नहीं किया जा सकता।



