दिल्ली, 02 फरवरी (बु.)। तीनों केंद्रीय कृषि कानूनों को रद कराने की मांग को लेकर सिंघु, टीकरी और गाजीपुर बॉर्डर पर हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश के किसानों का धरना प्रदर्शन जारी है। इस बीच सड़कों पर यातायात सुगम रहे, इसलिए दिल्ली यातायात पुलिस ने किसानों के धरना-प्रदर्शन के चलते मंगलवार को भी कई इलाकों में रूट डायवर्जन किया है। वहीं, वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों के बारे में भी बताया गया है, जिससे वे मुश्किलों से बचते हुए यात्रा कर सकें।यूपी गेट पर किसानों के धरना-प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली यातायात पुलिस ने गाजीपुर बॉर्डर को आवागमन के लिए बंद कर दिया गया है। इसी के साथ वाहन चालकों से गुजारिश की गई है कि उत्तर प्रदेश से दिल्ली जाने के लिए आनंद विहार, चिल्ला, डीएनडी, अप्सरा, भोपुरा और लोनी बॉर्डर के रास्तों का सहारा लें। गाजीपुर बॉकर्डर बंद होने से ट्रैफिक नेशनल हाई-24, एनएच-9, रोड नंबर -56, 57 ए, कोंडली, पेपर मार्केट, टेल्को टी प्वाइंट, ईडीएम मॉल, अक्षरधाम और निजामुद्दीन खट्टा की ओर डायवर्ट किया गया है। इसके चलते विकास मार्ग, आइपी एक्सटेंशन, नेशनल हाई-24 पर भारी जाम है।



