लखनऊ, 24 जनवरी (बु.)। उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस का विधिवत उद्घाटन रविवार को अवध शिल्पग्राम में किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। यह यूपी दिवस का चौथा संस्करण है जो 24 जनवरी से 26 जनवरी तक चलेगा। इस वर्ष उत्तर प्रदेश दिवस की थीम आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश, महिला युवा किसान, सबका विकास सबका सम्मान है। उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस के उद्घाटन समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वालों को सम्मानित किया गया। इसके तहत खेल जगत में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाले पुरुष एवं महिला खिलाड़ियों को लक्ष्मण पुरस्कार तथा रानी लक्ष्मीबाई पुरस्कार दिया गया। सीएम योगी ने रानी लक्ष्मीबाई पुरस्कार से स्वर्णिमा जायसवाल, हिमानी सिंह, साक्षी जौहरी, विमला सिंह, ज्योति, आकांक्षा चौधरी और लक्ष्मण पुरस्कार से नितिन तोमर, पुनीत कुमार, गौरव बालियान, सूरज यादव, राज कुमार, कुलदीप कुमार वरुन सिंह भाटी, सचिन चौधरी, अबू हुबैदा, आकाश को सम्मानित किया।



