लखनऊ, 22 जनवरी (बु.)। वेब सीरीज तांडव को लेकर हिंदू संगठनों में रोष व्याप्त है ओर लगातार तांडव वेबसीरीज का विरोध हो रहा है। जिसके चलते निर्माता, निर्देशक और हेड इंडिया ओरिजिनल कंटेंट अमेजन की मुश्किलें लगातार बढ़ती ही जा रही हैं। उनके मुंबई स्थित घर व दफ्तर पर लखनऊ पुलिस ने गुरुवार को नोटिस चस्पा किया। इस दौरान वेब सीरीज के निर्माता रॉयल प्लाजा अंधेरी निवासी हिमांशु कृष्ण मेहरा, रस्तोमजी एलिटा स्थित निर्देशक अली अब्बास के दफ्तर और बांद्रा कुर्ला कांप्लेक्स निवासी हेड इंडिया ओरिजनल कंटेंट अमेजन अपर्णा पुरोहित घर पर नहीं मिले। पुलिस ने तीनों को तीन सप्ताह के भीतर लखनऊ स्थित संबंधित कोर्ट में उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने के लिए कहा है। अगर तीनों निर्धारित समय से कोर्ट में उपस्थित नहीं होते हैं तो पुलिस उनके खिलाफ आगे की कार्रवाई करेगी। हजरतगंज कोतवाली में वेब सीरीज तांडव के निर्देशक अली अब्बास, प्रोड्यूसर हिमांशु कृष्ण मेहरा, लेखक गौरव सोलंकी और हेड इंडिया ओरिजिनल कंटेंट अमेजन के अपर्णा पुरोहित के खिलाफ एफआइआर दर्ज की गई थी। वरिष्ठ उपनिरीक्षक अमरनाथ यादव ने इन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी।



