17.5 C
Muzaffarnagar
Sunday, November 8, 2026

कश्मीरः मुठभेड़ के दौरान लश्कर के दो आतंकवादियों ने किया आत्मसमर्पण

श्रीनगर, 22 दिसंबर (वार्ता) जम्मू- कश्मीर के कुलगाम जिले में मंगलवार को घेराबंदी एवं तलाश अभियान के बाद शुरू हुई मुठभेड़ के दौरान लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) के दो आतंकवादियों ने आत्मसमर्पण कर दिया। एक पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि जम्मू-कश्मीर पुलिस के विशेष अभियान समूह (एसओजी), राष्ट्रीय राइफल्स (आरआर) और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों ने आज तड़के कुलगाम के तोंगदोउनु गांव में एक संयुक्त अभियान शुरू किया। सुरक्षा बलों ने आज सुबह पहली रोशनी के साथ घर-घर तलाशी अभियान शुरू किया, तो वहां छिपे आतंकवादियों ने गोलियां चलानी शुरू कर दी। उन्होंने बताया कि सुरक्षा बलों की जवाब कार्रवाई के बाद मुठभेड़ शुरू हो गयी। सुरक्षा बल वहां मौजूद आतंकवादियों की पहचान कर उनके परिवार के सदस्यों को मुठभेड़ स्थल पर लेकर आये जिन्होंने उनसे आत्मसमर्पण करने की अपील की। सुरक्षा बलों ने भी आतंकवादियों को आश्वासन दिया कि अगर उन्होंने आत्मसमर्पण किया तो उन्हें कोई नुकसान नहीं होगा। बाद में, लश्कर के दोनों थानीय आतंकवादियों ने दो पिस्तौल और गोला-बारूद तथा आपत्तिजनक सामग्री के साथ आत्मसमर्पण कर दिया। गौरतलब है कि पिछले कुछ महीनों के दौरान कश्मीर घाटी में मुठभेड़ों के दौरान विभिन्न संगठनों के लगभग 12 आतंकवादियों को आत्मसमर्पण करने की अनुमति दी गयी है।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles