प्रयागराज, 13 दिसंबर,(बु.)। खबर यूपी के जनपद प्रयागराज से है। जहां जमीनी विवाद को लेकर मां और बेटे की निर्मम हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है की बीती रात वारदात को अंजाम दिया गया। ईंट-पत्थर और धारदार हथियार से मारकर हत्या की गई है। घटना के समय घर में यही दो लोग थे। रविवार सुबह गांव की एक लड़की दूध लेने आई तो घटना की जानकारी हुई। सूचना पाकर पुलिस के अधिकारी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया। वारदात के पीछे जमीन का विवाद बताया जाता है। मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। सरायदीन गांव की रहने वाली धर्मा देवी के तीन पुत्र हैं। सबसे बड़ा पुत्र जगजीवन अपने परिवार के साथ दूसरे गांव सिकंदरपुर में रहता है। वहीं उसके दो पुत्र सुरेंद्र पासी उर्फ टिडू व सबसे छोटा महेंद्र उसके साथ रहते थे। शनिवार रात महेंद्र एक बरात में चला गया था। घर में धर्मा और सुरेंद्र थे। खाना खाकर दोनों बरामदे में सो रहे थे। देर रात हमलावरों ने दोनों की ईंट-पत्थर और धारदार हथियार से मारकर हत्या कर दी। जिसकी सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी। सूचना मिलते पुलिस टीम मौके पर पहुंची घटना की जांच पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस टीम हर बिंदु पर घटना की जांच कर रही है।




