हरियाणा, 8 दिसंबर(बु.)। हरियाणा में भारत बंद का असर दिखने लगा है। हरियाणा में रोडवेज के पहिये थम गए हैं। कैथल जिले के कलायत में किसानों ने हाईवे जाम कर दिया है और सड़क पर धरना लगाकर बैठ गए हैं। वहीं यमुनानगर में भारत बंद के समर्थन में किसान संगठनाें ने प्रदर्शन किया और ट्रैक्टर रैली निकाली। जिसके चलते पहले तो दुकानें खुली थीं, लेकिन बाद में दुकानदारों ने बंद कर लिया। वहीं अंबाला में भारत बंद का मिलाजुलसा असर दिख रहा है। दुकानदार असमंजस में हैं, जबकि इंतजार कर रहे है कि समय बीतने के साथ क्या स्थिति बनती है। यही कारण है कि अधिकतर दुकानें खुली मिलीं। दूसरी ओर रोडवेज पर फिलहाल कोई असर दिखाई नहीं दे रहा है। पहले की तरह रूटीन में बसें चल रही हैं, जबकि यात्रियों के लिए अभी कोई दिक्कत नहीं है।

कृषि कानूनों में सुधारों का विरोध कर रहे किसान संगठनों के भारत बंद के मद्देनजर हरियाणा सरकार अलर्ट पर है। राज्य में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं और सभी प्रमुख स्थलों पर पुलिस बल तैनात किए हैं। बंद का आह्वान 11 बजे से दोपहर बाद तीन बजे तक किया गया है। भारत बंद के दौरान यातायात और परिवहन व्यवस्था प्रभावित होगी। हरियाणा रोडवेज यूनियन भी हड़ताल में शामिल हैं। भारत बंद के मद्देनजर राज्य के मुख्य सचिव विजय वर्धन ने प्रदेश में सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा के लिए उच्च अधिकारियों के साथ मैराथन बैठकें कीं। साथ ही वीडियो कान्फेंसिंग के जरिये सभी जिला उपायुक्तों व पुलिस अधीक्षकों को कानून व व्यवस्था पुख्ता करने के निर्देश दिए।भारत बंद के मद्देनजर हरियाणा पुलिस ने ट्रैवल एडवाइजरी जारी करते हुए कहा है कि विभिन्न सड़कों और राजमार्गों पर यात्रा करते समय ट्रैफिक अवरोधों का सामना करना पड़ सकता है। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था) नवदीप सिंह विर्क ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं।



