दिल्ली, दिल्ली, 8 दिसंबर(बु.)। किसान आंदोलन के बीच दिल्ली में 5 आतंकियों की गिरफ्तारी ने खुफिया एजेंसियों की भी चिंता बढ़ा दी है। दिल्ली में किसान आंदोलन के बीच आतंकियों की मौजूदगी चिंताजनक है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पांच आतंकियों को सोमवार सुबह मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है, जो दर्शाता है कि आतंकी संगठन किसान आंदोलन के मौके का फायदा अपनी नापाक हरकतों के लिए उठाने की फिराक में हैं। दिल्ली पुलिस की मानें तो गिरफ्तार आतंकियों में हिजबुल मुजाहिदीन के तीन आतंकी हैं, जबकि खालिस्तान समर्थक आतंकी संगठन के भी दो सदस्य हैं। खालिस्तान समर्थक आतंकियों की हिजबुल के आतंकियों के साथ मौजूदगी से यह आशंका पैदा होती है कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आइएसआइ खालिस्तान समर्थक आतंकियों की मदद से हिजबुल के आतंकियों के जरिये किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की साजिश रच रही थी। यह गनीमत रही कि स्पेशल सेल को इनके बारे में पता चल गया और इन्हें किसी वारदात के पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया।आतंकियों को किसी वारदात से पहले गिरफ्तार करने के लिए स्पेशल सेल की सराहना की जानी चाहिए।




