वाराणसी, 7 दिसंबर(बु.)। बीएचयू कुलपति आवास के सामने धरने पर बैठे छात्र रविवार रात आश्वासन के बाद भी धरने से नहीं उठे हैं। करीब बीस अंतेवासी अभी भी मौके पर डटे हुए हैं। इस बीच कोविड के खतरों को देखते हुए छात्रों ने ही धरनास्थल की साफ-सफाई कर सैनिटाइज भी कराया। छात्रों ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन ने नहीं बल्कि हम छात्रों द्वारा सैनिटाइज कराने की पहल की गई है।इस बीच छात्रों का कहना है कि उन्हें आज शाम चार बजे हास्टल खाली करने का मौखिक आदेश हुआ है, वहीं बीएचयू के डिप्टी चीफ प्राक्टर प्रो. बी सी कापरी का कहना है कि जो छात्र नोड्यूज कराने घर से हास्टल में आये थे केवल उन्हें ही अभी हटाया जा रहा है। इसको लेकर रविवार देर रात तक कुलपति आवास पर सोशल संकाय डीन प्रो. के के मिश्रा, चीफ प्राक्टर प्रो. ओ पी राय और अन्य अधिकारियों की बैठक भी हुई थी, जिसमें दस दिसंबर को हास्टल खोलने पर अंतिम फैसला लेना है। छात्रों का कहना है कि वे दस दिसंबर या जब तक उनके पक्ष में निर्णय न हो जाये तब तक इसी तरह धरना देते रहेंगे।




