गोरखपुर, 7 दिसंबर(बु.)। कृषि कानून का विरोध कर रहे किसानों के समर्थन में पदयात्रा पर निकले सपा कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी से पहले काफी देर तक सपा कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच नोकझोक होती रही। सपाई पदयात्रा करते हुए मोतीराम अड्डा जाने पर आमादा थे और पुलिस उन्हें रोकने पर अड़ी हुई थी। गिरफ्तार सपा कार्यकर्ताओं को खोराबार में ही स्थित दयानंद इंटर कालेज में रखा गया है। इस दौरान नेताओं ने कहा कि समाजवादी कार्यकर्ता किसी से डरने वाली नहीं है। भाजपा सरकार समाजवादियों का हौसला कभी नहीं तोड़ सकती। उन्होंने कहा कि किसानों के खिलाफ लाए गए कृषि नीतियां किसी भी सूरत में लाभ प्रद नहीं है। सरकार इसे तत्काल वापस ले। अन्यथा सपा कार्यकर्ता सरकार को चलने नहीं देंगे। सपा शासन काल में किसान काफी खुशहाल थे। अब भाजपा सरकार किसानों को गुलाम बनाने की तैयारी कर रही है। सरकार की इस मंशा को कभी कामयाब नहीं होने दिया जाएगा। सपा हमेश से किसानों की हितैषी रही है। आगे भी रहेगी। जब देश में किसान ही नहीं रहेंगे तो अन्न कहां से पैदा होगा। भाजपा सरकार सभी को भुखमरी की स्थिति में लाना चाहती है।



