कन्नौज, 6 दिसंबर (बु.)। प्रशासन की लाख कोशिशों के बाद भी सड़क हादसे रूकने का नाम नही ले रहे है। आए दिन सड़क हादसों में हजारों लोगों की जान चली जाती है। ऐसा ही एक मामला कन्नौज से सामने आया है। जहां आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे तेज रप्तार के कारण भीषण सड़क हादसा हो गया जिसमें दिल्ली में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता व पत्नी की मौत हो गई जबकि बच्चों समेत पांच लोग घायल हो गए। जिन्हे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

दरअसल नई दिल्ली के संगम विहार निवासी संदीप शुक्ला पुत्र अमरनाथ शुक्ला दिल्ली में भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता थे। वह कार से पत्नी, तीन बच्चों और दो भाइयों के साथ शादी समारोह में शामिल होने प्रतापगढ़ जा रहे थे। कार को संदीप चला रहे थे। रविवार तड़के करीब 4:30 बजे कन्नौज के ठठिया के गांव इनायतपुर के पास ओवरटेक करने के दौरान ट्रक ने कार में रगड़ मार दी। इससे अनियंत्रित कार डिवाइडर से टकरा पलट गई। हादसे के बाद ट्रक लेकर चालक फरार हो गया और एक्सप्रेस-वे पर यातायात ठहर गया। सूचना पर पहुंचे यूपीडा कर्मियों ने कार में फंसे घायलों को बाहर निकालकर तिर्वा मेडिकल कॉलेज भेजा। डॉक्टरों ने संदीप और उनकी पत्नी अनीता को मृत घोषित कर दिया। तीन बच्चों और चचेरे भाई को भर्ती करके उपचार शुरू किया गया। कार को क्रेन की मदद से एक्सप्रेस-वे से हटाकर थाने में खड़ा कराया गया और यातायात सामान्य कराया।




