मुरादाबाद, 07 फरवरी (बु.)। पाकबड़ा थाना क्षेत्र के मालीपुर गांव निवासी दीपा की शादी आठ नवंबर 2019 को बबलू निवासी मुहल्ला होली वाला वाल्मीकि बस्ती निकट सुखदेवी इंटर कॉलेज हसनपुर जिला मुरादाबाद के साथ हुई थी। पीड़िता के परिवार वालों के शादी में अपनी हैसियत के अनुसार दान दहेज दिया था। शादी के बाद से ही बबलू के स्वजन पीड़िता से ऑल्टो कार और 50 हजार की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर आए दिन ससुराल वाले दीपा के साथ मारपीट कर प्रताड़ित करते थे। पति ने पीड़िता के साथ मारपीट कर भला बुरा कहा था। 15 जून 2020 को पीड़िता के साथ ससुराल पक्ष ने मारपीट कर घर से निकाल दिया। पीड़िता ने स्वजन के साथ पाकबड़ा थाने पहुंचकर प्रार्थना पत्र दिया। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर पति बबलू, जेठ ब्रज, सास मधु और ननद बरखा के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट व छेड़खानी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



