दिल्ली, 02 फरवरी (बु.)। दिल्ली पुलिस की साइबर सेल ने दिल्ली पुलिस की फर्जी खबर पोस्ट करने के मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। जबकि अन्य को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है। दोनों राजस्थान के रहने वाले हैं। गिरफ्तार आरोपित की पहचान राजस्थान के चूरू जिला निवासी ओम प्रकाश धत्तरवाल के रूप में हुई है। दोनों ने किसान आंदोलन के दौरान आनलाइन मीडिया पर दिल्ली पुलिस से संबंधित फर्जी खबर को वायरल किया था। इस मामले में जल्द और गिरफ्तारियां हो सकती हैं। दिल्ली पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि वे प्रामाणिकता की पुष्टि किए बिना ऐसी किसी भी पोस्ट को साझा ना करें। ऐसा करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। दिल्ली पुलिस साइबर सेल के डीसीपी अन्येष राय ने बताया कि गत दिनों किसान आंदोलन के मद्देनजर आनलाइन मीडिया पर फर्जी खबरें पोस्ट की जा रही थीं। पोस्ट में बताया जा रहा था कि किसान आंदोलन पर कार्रवाई को लेकर दिल्ली पुलिस के कर्मी असहमत हैं। छानबीन में पता चला कि कुछ लोग अन्य वीडियो को दिल्ली पुलिस की बता अफवाह फैला रहे हैं।



