दिल्ली, 05 फरवरी (बु.)। दिल्ली के जल मंत्री सत्येंद्र जैन की अध्यक्षता में बृहस्पतिवार को जल बोर्ड की बैठक हुई। जिसमें पेयजल आपूर्ति बढ़ाने व जलाशयों के विकास की कई नई परियोजनाओं को मंजूरी दी गई। इसके तहत 25 करोड़ की लागत से तिहाड़ झील का कायाकल्प होगा। इस झील को एक साल में विकसित कर लिया जाएगा। इससे यह झील भूजल रिचार्ज में मददगार होगा। इसके अलावा नजफगढ़ के बादशाहपुर ड्रेन व तिमारपुर के पास 100 जलाशयों का विकास किया जाएगा। इसके लिए दिल्ली जल बोर्ड की बैठक में सलाहकार नियुक्त करने को मंजूरी दी गई। सलाहकार कंपनी योजना का प्रारूप तैयार कर जल बोर्ड को सैंपेगी। वहीं जल बोर्ड ने पल्ला सहित दिल्ली के विभिन्न इलाकों में 200 ट्यूबवेल लगाने का फैसला किया है। इससे करीब 30 एमजीडी पानी की आपूर्ति बढ़ जाएगी। इसके तहत द्वारका के नजदीक स्थिति पोचनपुर गांव में 16, घुमनहेड़ा में छह व ककरौला में चार ट्यूबवेल लगाने की स्वीकृति दी है। इस पूरी योजना पर करीब तीन करोड़ खर्च आएगा। इसे तीन माह में पूरा करने का फैसला किया गया है। बैठक में जल बोर्ड के उपाध्यक्ष राघव चड्ढा भी मौजूद थे। इस बैठक में दिल्ली में गिरते भूजल स्तर पर चिंता जाहिर की गई। लिहाजा, जल बोर्ड ने भूजल स्तर में सुधार के लिए भूजल विशेषज्ञों को नियुक्त करने का फैसला किया है। बवाना जल जल शोधन संयंत्र में पानी के दौरान के दौरान निकलने वाले बेकार पानी के दोबारा शोधन के लिए संयंत्र लगाया जाएगा। जिससे दो एमजीडी अतिरिक्त पानी आपूर्ति हो सकेगी।



