दिल्ली, 09 फरवरी (बु.)। तमाम दावों के बावजूद कृषि कानून विरोधी आंदोलन का धीरे-धीरे राजनीतिकरण होने लगा है। आंदोलन की अगुवाई कर रहे संयुक्त किसान मोर्चा के सदस्य बार-बार इस आंदोलन से राजनीति को दूर रखने की बात करते हैं, लेकिन अब मोर्चा के नेता ही राजनीति की बात करने लगे हैं। एक दिन पूर्व कितलाना टोल पर आयोजित महापंचायत के दौरान मोर्चा के नेता बलबीर राजेवाल ने प्रदेश की भाजपा सरकार को गिराने की बात कहकर राजनीति तेज कर दी, जिसका अब खाप के प्रतिनिधि व अन्य लोग विरोध करने लगे हैं। दिल्ली के विभिन्न बार्डरों पर कृषि कानून के विरोध में चल रहे आंदोलन को राजनीति से दूर रखने की बात की जा रही थी। संयुक्त किसान मोर्चा के सदस्य बार-बार इस बात पर जोर दे रहे हैं कि किसी भी राजनीतिक दल के लोगों को मोर्चा का मंच नहीं दिया जा रहा है, लेकिन तमाम विपक्षी दलों के नेता के आने से आंदोलन पर राजनीतिक रंग चढ़ने लगा है। संयुक्त मोर्चा के सदस्य ही राजनीति की बात करने लगे हैं। कितलाना टोल पर हुई महापंचायत के दौरान संयुक्त मोर्चा के अहम सदस्य बलबीर सिंह राजेवाल ने कहा कि पंजाब में उन्होंने अकाली दल पर इतना दबाव बनाया कि आखिरकार उसे एनडीए से बाहर होना पड़ा।



