24.6 C
Muzaffarnagar
Sunday, November 8, 2026

वाराणसीः साइकिल से महिला अस्पताल पहुंची कोरोना की डमी वैक्सीन

वाराणसी, 5 जनवरी (बु.)। यूपी के जनपद वाराणसी में 6 केंद्रों पर ड्राई रन प्रक्रिया की शुरुआत मंगलवार को निर्धारित समय पर शुरू हुई। टीकाकरण के लिए तय समय पर प्रशिक्षित टीम तो जरूर पहुंच गई, लेकिन कई केंद्रों पर 10:45 बजे तक लाभार्थी ही नहीं पहुंचे थे। इतना ही नहीं सुबह नौ बजे अर्बन सीएचसी-चौकाघाट स्थित वैक्सीन स्टोर से साइकिल के माध्यम से कई स्थानों पर डमी वैक्सीन पहुंचाई गई। महिला अस्पताल-कबीरचौरा में भी साइकिल पर टांग कर चार बॉक्स में डमी वैक्सीन पहुंची। यहां उपस्थित सीएमओ डॉ. वीबी सिंह को जब स्थिति की जानकारी हुई तो न केवल चिकित्सा प्रभारियों को डांट पिलाई, बल्कि संबंधित अधिकारी से लिखित जवाब भी मांगा।अन्य केंद्रों की तरह महिला अस्पताल में भी 25 लाभार्थियों को सुबह 10 बजे से डमी टीके लगने थे, लेकिन 11:15 बजे तक केवल दो ही लाभार्थी वहां पहुंच पाए थे। खामियों का सिलसिला केवल यहां तक ही सीमित नहीं था, बल्कि इसकी फेहरिस्त और लंबी है। महिला अस्पताल में तैयारियां ही डमी वैक्सीन आने के बाद शुरू हुईं। 9 बजे के बाद मेज-कुर्सियां लगाने के साथ ही बैनर-पोस्टर लगाए गए। वैक्सीन स्टोर से लेकर छह केंद्रों पर पुलिस बल के साथ प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों की टीम लगाई गई थी, लेकिन साइकिल से डमी वैक्सीन पहुंचाने की मजबूरी ने सारी व्यवस्था की बखिया उधेड़ कर रख दी है। अब देखना यह है कि महकमा इससे सबक लेकर व्यवस्था दुरुस्त करता है या यही प्रबंधन असली टीकाकरण का भी होने वाला है।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles