मुरादाबाद, 18 जनवरी(बु.)। मुरादाबाद में एक टीकाकरण के बाद अस्पताल के वार्ड ब्वॉय की मौत से मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के परिजनों ने मौत का कारण कोरोना का टीका लगवाने को बताया है। उन्होने आरोप लगाया है की कोरोना का टीका लगने के बाद हालत बिगड़ी थी। इस पर उन्होंने एंबुलेंस के लिए फोन किया था। लेकिन मरीज की हालत बताने के बाद भी एड्रेस ही पूछा जाता रहा। मरीज के बेहोश होने पर उसे स्वजन ऑटो से अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सक ने मरीज को मृत घोषित कर दिया। यह घटना शहर में तब सुर्खियों में आ गई जब स्वजन खुलकर कोरोना टीके की वजह से वार्ड ब्वॉय की मौत होने का आरोप लगाने लगे। सोमवार की तड़के चार बजे वार्ड ब्वॉय के शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ एमसी गर्ग, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ दीपक वर्मा पोस्टमार्टम हाउस पहुच गए। डॉ शशि भूषण, डॉ आरपी मिश्रा, डॉ निर्मल ओझा की टीम ने पोस्टमार्टम किया। वार्ड ब्वॉय की हार्ट अटैक से मौत होने की पुष्टि हुई। बुखार नहीं था, फेफड़ों में पस पाया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ एमसी गर्ग ने बताया कि तीन डॉक्टरों की टीम ने पोस्टमार्टम किया है। हार्ट अटैक की वजह से वार्ड ब्वॉय की मौत हुई है। कोरोना वैक्सीनेशन की वजह से मौत नहीं हुई है।



