मुजफ्फरनगर, 20 जनवरी (बु.)। शहर के शाहबुद्दीन रोड पर नशे में हंगामा कर रहे एक युवक ने पुलिस को सामने देखकर खुद को चाकू मारकर लहूलुहान कर लिया। गंभीर हालत में उसे मेरठ रेफर किया गया है। परिजनों ने फोन कर पुलिस को बुलाया था इसी बात से उग्र होकर युवक ने खुद को चाकू मार लिया। दरअसल शहर कोतवाली क्षेत्र के शाहबुद्दीन पुर रोड निवासी रंजीत नशेड़ी प्रवृत्ति का व्यक्ति है। मंगलवार शाम के समय युवक अपने घर में हंगामा कर रहा था परिजनों ने उसे समझाने का प्रयास किया लेकिन हंगामा करते रहने पर उन्होंने डायल 112 को कॉल कर दिया। परिजनों की शिकायत पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई जिन्हें देख नशेड़ी युवक आग बबूला हो गया और गाली गलौज करते हुए घर में रखा चाकू उठाकर अपने पेट में घोंप लिया। इससे युवक लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। जिससे मौके पर पहुंची पुलिस टीम में भी हड़कंप मच गया आनन-फानन में पुलिसकर्मी घायल युवक को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे जहां से उसे नाजुक हालत में रेफर कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर इंस्पेक्टर योगेश शर्मा भी टीम के साथ मौके पर पहुंचे जहां पूछताछ में युवक के परिजनों ने उन्हें घटना की जानकारी देते हुए युवक द्वारा खुद को चाकू मारने की बात कही। योगेश शर्मा का कहना है कि पुलिस टीम के पहुंचने से पहले ही युवक ने पकड़े जाने के डर से खुद को चाकू मार लिया था। जिसे मेरठ रेफर कर दिया गया है। युवक के परिजनों ने इस संबंध में किसी तरह की कोई कार्यवाही नहीं करने की तहरीर दी है।




