21.5 C
Muzaffarnagar
Sunday, November 8, 2026

मुजफ्फरनगरः नकली सीमेंट फैक्ट्री का भंड़ाफोड, आरोपी गिरफ्तार

  • फैक्ट्री मालिक राजेश सिंघल और साझेदार मुज़म्मिल पुलिस को चकमा देकर फरार

  • पुलिस ने लाखों रुपये की कीमत के दो हजार सीमेंट के कट्टे किए बरामद

  • मुरादनगर श्मशान घाट कांड के बाद भी बाज नहीं आ रहे इंसानियत के दुश्मन

मुजफ्फरनगर, 13 जनवरी (बु.)। मुरादनगर श्मशान कांड  के बाद भी इंसानियत के दुश्मन  बाज आने को तैयार नहीं है। नई मंडी पुलिस ने ऐसे ही एक फैक्ट्री का भंड़ाफोड़ किया है, जिसमें नकली सीमेंट बनाने का गोरखधंधा चल रहा था। ठेकेदार तो मौके पर पकड़ा गया है, जबकि मालिक और उसका साझेदार भागने में सफल हो गया। फैक्ट्री से विभिन्न कंपनियों के नाम से तैयार सीमेंट के दो हजार कट्टे बरामद करने का दावा किया है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
मुरादनगर श्मशान घाट की घटना ने हर किसी को झकझोर दिया था। उम्मीद जगी थी कि 25 जिंदगी लीलने वाली घटना  के बाद निर्माण सामग्री में मिलावट करने वाले इससे जरूर सबक लेंगे, लेकिन रातों-रात धन्नासेठ का सपना संजोने वाले जालसाजों पर इसका कोई असर होता नहीं दिख रहा है। नई मंडी पुलिस ने ऐसे ही इंसानियत के दुश्मन गिरोह का भंड़ाफोड़ किया है, जो नकली सीमेंट बेचकर मुरादनगर श्मशान घाट जैसी घटना को दोहराने की तैयारी में जुटा था। सीओ मंडी धनंजय कुशवाहा ने बताया कि इंस्पेक्टर नई मंडी योगेश शर्मा की अगुवाई में पुलिस टीम ने एक सूचना के आधार पर मंगलवार तीसरे पहर जानसठ  रोड पर शेरनगर के पास एक फैक्ट्री में छापा मारा, जहां पर नकली सीमेंट तैयार करते हुए ठेकेदार सद्दाम निवासी अमरोहा को पकड़ लिया गया, जबकि फैक्ट्री मालिक राजेश सिंघल निवासी अग्रसेन विहार और उसका साझेदार मुजम्मिल निवासी अमरोहा भागने में सफल हो गया। मौके से नकली सीमेंट के करीब 2000 कट्टे बरामद किए हैं। इसके अलावा नकली सीमेंट बनाने की मशीन आदि उपकरण बरामद किए है। सीओ ने बताया कि फैक्ट्री में नामचीन कंपनियों ऐस, बिरला गोल्ड़, अल्ट्राटेक और श्री नाम के कट्टे में नकली सीमेंट भरकर बेचा जा रहा था। यह गोरखधंधा काफी समय से चल रहा है। मुख्य आरोपी राजेश सिंघल की गिरफ्तारी के बाद इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों के चेहरे बेनकाब होने की उम्मीद है। बरामद सीमेंट के कट्टों की कीमत लाखों रुपये बताई गई है।

नकली सीमेंट बनाने में पहले भी जेल जा चुका राजेश सिंघल

नकली सीमेंट बनाने के आरोप में फैक्ट्री मालिक राजेश सिंघल पहले भी जेल जा चुका है। नई मंडी इंस्पेक्टर योगेश शर्मा ने बताया कि राजेश सिंघल पहले छपार क्षेत्र में नकली सीमेंट बनाने की फैक्ट्री चलाता था, जिसमें पुलिस ने उसे जेल भेजा था। आरोपी ने इस बार जानसठ रोड पर शेरनगर के पास यह गोरखधंधा शुरू किया था।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles