मुजफ्फरनगरः जर्जर भवनों को लेकर रुड़की रोड स्थित शिव मार्किट के व्यापारियों ने सिटी मजिस्ट्रेट के नाम दिया ज्ञापन
-
जर्जर भवनों में अनहोनी टालने को आगे आए व्यापारी
-
रुड़की रोड स्थित शिव मार्किट के व्यापारियों ने सिटी मजिस्ट्रेट के नाम दिया ज्ञापन
-
गोल मार्केट के व्यापारियों ने भी उठाई नए भवन की मांग
मुजफ्फरनगर, 5 जनवरी (बु.)। मुरादनगर श्मशान घाट की मद्देनजर जर्जर भवनों को लेकर बुलेटिन की मुहिम रंग लाने लगी है। मंगलवार को रूड़की रोड स्थित शिव मार्केट के व्यापारियों ने सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन देकर कभी भी अनहोनी की आशंका जताई है। इसी तरह गोल मार्केट के व्यापारी भी बरसों पुराने भवन के खिलाफ लामबंद होने लगे है। इसके अलावा कई अन्य जर्जर भवनों को लेकर लोगों ने जागरूकता दिखाई है। मुरादनगर में श्मशान घाट की घटना का संज्ञान लेकर बुलेटिन ने अनगिनत जर्जर भवनों को लेकर मुहिम शुरू की है, ताकि समय रहते कारगर कदम उठाकर हादसों की संभावनाओं को टाला जा सके। मुरादनगर श्मशान घाट की छत का तो नवनिर्माण था, लेकिन शहर के इन भवनों की मियाद तो काफी समय पहले पूरी हो चुकी है। इनमें कई बड़ी मार्केट है, जिनमें रोजमर्रा हजारों लोगों का आवागमन रहता है। बुलेटिन की मुहिम का संज्ञान लेकर शहर के व्यापारी अब आगे आने लगे हैं। जिसको लेकर रूड़की रोड स्थित शिव मार्केट के व्यापारियों सोमनाथ, नारंग फुटवियर, मून टेलर्स, सुंदर लाल आदि ने सिटी मजिस्टे्रट को ज्ञापन देकर बताया कि शिव मार्केट की बिल्डिंग की हालत बेहद जर्जर हो चुकी है। दुकानों का लैंटर काफी झुक चुका है। ऐसे में कभी भी अप्रिय घटना हो सकती है, जिसमें काफी जान और माल की हानि हो सकती है। इसी तरह गोल मार्केट के व्यापारियों ने गोपाल गर्ग, ज्ञानी गुरूवचन सिंह, अजय मदान, सौहार्द गर्ग, आशीष, किरणपाल और प्रवीण जैन ने भी गोल मार्केट के भवन के अस्तित्व को लेकर सवाल उठाया है। उन्होंने बताया कि गोल मार्केट के भवन की मियाद काफी पहले पूरी हो चुकी है। नगर पालिका प्रशासन से भी इस बारे में कई बार बात हो चुकी है। मुरादनगर की घटना के बाद इस तरह के जर्जर भवनों का समय रहते ध्वस्तीकरण जरूरी है। व्यापारियों ने बुलेटिन को फोन कर मुहिम की सराहना की है।
- Advertisement -