दिल्ली, 27 जनवरी (बु.)। मंगलवार को किसानों के ट्रैक्टर परेड की आड़ में दिल्ली में उपद्रव करने के मामले में पुलिस अब तक 22 एफआईआर दर्ज कर चुकी है। उपद्रव के दौरान 300 पुलिस कर्मी घायल हुए थे। अब तक इस मामले में पुलिस 200 लोगो को हिरासत में ले चुकी है। ये वो हैं जो उपद्रव के दौरान घायल हुए थे और अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती हुए थे। पुलिस इन्हे पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लेगी। किसी उपद्रव को रोकने के लिए दिल्ली में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था कर दी गई है। सिंघु बॉर्डर पर बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है। जहां पर किसान धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। इसके अलावा लाल किला पर भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। यहां पर अर्धसैनिक बलों को तैनात किया गया है। आपको बता दें कि ट्रैक्टर परेड के दौरान उपद्रवियों ने मंगलवार को जमकर उत्पात मचाया। उपद्रवियों के हमले में 300 से ज्याद पुलिसकर्मी घायल हो गए जिनमें से 26 की हालत गंभीर है। इन्हेंअस्पताल में भर्ती करवाया गया है।



