गणतंत्र दिवस समारोह के लिए राजधानी में तैयारियों शुरू हो गई है। गणतंत्र दिवस समारोह में परेड के पूर्वाभ्यास के दौरान चार दिन नई दिल्ली इलाके में यातायात परिवर्तित रहेगा। यातायात पुलिस ने जाम के मद्देनजर वाहन चालकों को इंडिया गेट व राजपथ इलाके में जाने से बचने का सुझाव दिया है। संयुक्त पुलिस आयुक्त यातायात मनीष कुमार अग्रवाल ने बताया कि गणतंत्र दिवस पर निकाली जाने वाली परेड का 17, 18, 20 और 21 जनवरी को पूर्वाभ्यास किया जाएगा। परेड विजय चौक से शुरू होकर राजपथ होते हुए इंडिया गेट तक जाएगी। इसके कारण सुबह नौ बजे से दोपहर 12 बजे तक राजपथ-रफी मार्ग, जनपथ, राजपथ-मानसिंह रोड और राजपथ-सी-हेक्सागन मार्ग को बंद रखा जाएगा। इस मार्ग से आने वाले यातायात को अन्य मार्गों पर भेजा जाएगा।



