दिल्ली, 12 जनवरी (बु.)। केंद्रीय आयुष मंत्री श्रीपद नाइक की गाड़ी सोमवार को हादसे का शिकार हो गई। मिली जानकारी के अनुसार केंद्रीय मंत्री की गाड़ी उत्तर कन्नड़ के अंकोला में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा उस समय हुआ जब नाइक अपनी पत्नी विजया नाइक के साथ येल्लापुर से गोकर्ण जा रहे थे। नाइक और उनकी पत्नी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उनकी पत्नी को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। नाइक का इलाज जारी है। पुलिस ने इस संबंध में केस भी दर्ज कर लिया है। नाइक की पत्नी के निधन पर कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येडियुरप्पा ने शोक जताया है। हादसे में नाइक के पर्सनल असिस्टेंट का भी निधन हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत से केंद्रीय मंत्री को बेहतर इलाज मुहैया कराने के निर्देश दिए हैं। पीएम ने कहा कि केंद्रीय मंत्री श्रीपद नाइक का गोवा में भली प्रकार से इलाज हो सके।



