दिल्ली, 24 जनवरी (बु.)। गणतंत्र दिवस पर राजधानी दिल्ली में ट्रैक्टर परेड निकालने की जिद पर अड़े किसान संगठनों और पुलिस के बीच सहमति आखिर बन गई। अब वे आगामी 26 जनवरी को ट्रैक्टर परेड निकाल सकेंगे। परेड करीब 100 किलोमीटर के दायरे में निकाली जाएगी। यह जहां से चलेगी, वहीं आकर खत्म होगी। इसके लिए पांच रूट सिंघु, टीकरी, गाजीपुर (यूपी गेट), शाहजहां बार्डर और पलवल तय किए गए हैं, जो अलग-अलग होंगे। इस दौरान किसान एक-दूसरे से नहीं मिलेंगे। कई दिनों से कायम गतिरोध खत्म होने से शनिवार को पुलिस ने राहत की सांस ली। राष्ट्रीय राजमार्ग एक के पास बसे खामपुर गांव के मंत्रम रिसोर्ट में हरियाणा, दिल्ली व उत्तर प्रदेश पुलिस के साथ हुई मीटिंग के बाद किसान नेताओं ने प्रेस वार्ता के दौरान यह घोषणा की। संयुक्त किसान मोर्चा के सदस्य व स्वराज इंडिया पार्टी के संयोजक योगेंद्र यादव ने बताया कि पांचवें दौर की बैठक के बाद परेड को लेकर गतिरोध खत्म हो गया है। 26 जनवरी को किसान पहली बार दिल्ली में परेड निकालेंगे। पुलिस उक्त रूटों पर लगाए गए बैरिकेड हटाएगी। रूटों के बारे में सहमति बन गई है। करीब 80 फीसद रूट तय कर लिए गए हैं, कुछ छोटे रूट पर चर्चा करने के बाद रविवार को परेड के रूट का नक्शा जारी कर दिया जाएगा। हालांकि, दिल्ली पुलिस की तरफ से अभी आधिकारिक रूप से बयान जारी नहीं किया गया है।



