गोरखपुर, 5 जनवरी (बु.)। नेपाल की राजधानी काठमांडू में पुलिस ने एक भारतीय नागरिक को नेपाली मुद्रा के साथ गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से एक करोड़ 47 लाख 86 हजार नेपाली रुपये बरामद हुए हैं। नेपाली मुद्रा के साथ पकड़ा गया अमित गुप्ता गोरखपुर का रहने वाला है।अमित रुपये से भरा बैग लेकर नेपाल के कपिलवस्तु से काठमांडू जा रहा था। इसी दौरान पुलिस ने जांच पड़ताल के लिए टैक्सी को रोका तो रुपयों से भरा बैग बरामद हुआ। काठमांडू पुलिस आरोपित समेत टैक्सी चालक को गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है। काठमांडू के एसएसपी अशोक सिंह ने बताया कि काठमांडू शहर में जांच के दौरान एक निजी वाहन से एक करोड़ 47 लाख 86 हजार नेपाली रुपये पुलिस ने बरामद किया है। पकड़े गए युवक की पहचान भारत के गोरखपुर शहर निवासी अमित गुप्ता के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच पड़ताल में आरोपित युवक के हुंडी कारोबार से जुड़े होने की बात सामने आई है। उसके पास से यह रुपये कहां से आए और उसे लेकर अमित काठमांडू में किसे देने जा रहा था, इसकी जांच की जा रही है।भारत-नेपाल सीमा पर स्थिति महेशनुर नाके पर जनता समाजवादी पार्टी नेपाल के तत्वावधान में मधेसी नेताओं ने प्रदर्शन कर नेपाली सरकार से सीमा खोलने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस मुद्दे के समाधान के लिए हस्तक्षेप की मांग भी की। उन्होंने कहा कि यदि एक सप्ताह के अंदर सीमा नहीं खोली गई उग्र आंदोलन होगा। सोमवार को महेशपुर नाका पर जनता समाजवादी पार्टी नवलपरासी नेपाल के जिलाध्यक्ष मुकुल गिरी ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत-नेपाल का संबंध सदियों से रोटी बेटी का हैं। यह संबंध आर्थिक, सामाजिक व सांस्कृतिक है। कोरोना के नाम पर नेपाल सरकार बेवजह नौ महीने से सीमा को बंद किए है । जिससे लोगों के शादी विवाह, समान की खरीदारी, दवा आदि कराने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इस दौरान जनता समाजवादी पार्टी नेपाल के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



