हरियाणा, 8 दिसंबर(बु.)। हरियाणा के जनपद कैैथल एक गांव पबनावा निवासी सचिन कुमार ने आइजी करनाल रेंज भारती अरोड़ा को शिकायत देकर न्याय की गुहार लगाई है। शिकायत में सचिन कुमार ने बताया कि वह फरवरी 2019 में एजेंटों के बहकावे के चलते अमेरिका में पहुंच गया था। एजेंटों ने उसे वैध रूप से भेजने का भरोसा दिया था, लेकिन उसे अवैध रूप से भेज दिया और वहां जाते ही उसे पुलिस द्वारा पकड़ लिया गया। उसे जेल भेज दिया गया, जिसके बाद उसने अपने स्वजनों को सूचना दी। उन्होंने आरोप लगाते हुए बताया कि सूचना मिलने के बाद उसके भाई ने गांव बड़थल वासी रजनीश से संपर्क किया और उसने कहा कि उनकी पहचान के वहां के बड़े वकील है और उसे वह जेल से बाहर निकलवा देगा। इसके लिए 10 लाख 50 हजार रुपये खर्च होंगे। कीमत तय होने के बाद स्वजनों ने उसे रूपये दे दिए। जिसके लिए उसकी छः कनाल जमीन भी बेचनी पड़ी। राशि लिए जाने के बाद भी आरोपित ने उसकी कोई पैरवी नहीं कराई और वहां की सरकार ने उसे 20 अक्तूबर को वापस भारत भेज दिया। यहां आने के बाद आरोपित से दी राशि वापस करने को कहा तो आरोपित ने इन्कार कर दिया। उन्होंने आरोप लगाए कि जेल से छुडाने के बहाने उनसे उक्त धोखाधड़ी कर ली गई। आईजी के आदेशों के बाद पुलिस ने आरोपित के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसएचओ बुटाना थाना सुरेंद्र कुुमार का कहना है कि अभी मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है।



