दिल्ली, 08 दिसंबर (बु.)। खबर राजधानीदिल्ली से है। जहां दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (इओडब्ल्यू) ने करोड़ों के फर्जीवाड़े में ऑटो डीलर कंपनी के निदेशक को गिरफ्तार किया है। नोएडा सेक्टर-45 निवासी आरोपित राज कुमार जैन ने वाणिज्यिक कर के माध्यम से बजाज आटो को 2.52 करोड़ रुपये का चूना लगाया है। ठगी के संबंध में नारायणा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसकेे बाद में इसकी जांच इओडब्ल्यू कर रही थी। इओडब्ल्यू के संयुक्त पुलिस आयुक्त डॉ. ओ.पी. मिश्रा ने बताया कि नारायणा स्थित बजाज ऑटो लिमिटेड के वाणिज्यिक प्रबंधक चंदर साधवानी ने फर्जीवाड़े की शिकायत पुलिस में की थी। उन्होंने बताया कि कंपनी ने पीआरजे एंटरप्राइजेट को वाहनों और स्पेयर पार्ट्स की बिक्री के लिए डीलर नियुक्त किया था। इस कंपनी का निदेशक राज कुमार जैन है। जैन ने कंपनी के उधम सिंह नगर स्थित प्लांट से वाहनों की खरीद-बिक्री की थी। एक जुलाई, 2007 से मार्च 2008 की अवधि के दौरान पीआरजे एंटरप्राइजेज लिमिटेड को 2.52 करोड़ रुपये का वाणिज्यिक कर विभाग को अदा करना था लेकिन जैन ने कर अदा करन के बजाए कर भुगतान का फर्जी फार्म बजाज ऑटो लिमिटेड को सौंप दिया था। भुगतान फार्म फर्जी पाए जाने पर उत्तराखंड वाणिज्यिक कर उपायुक्त ने कंपनी को इस बारे में सूचित किया था। शिकायत की जांच में इओडब्ल्यू ने आरोपों को सही पाया और 2.52 करोड़ रुपये के फर्जीवाड़े में आरोपित की तलाश शुरू की। जिसके बाद डीसीपी मोहम्मद अली की टीम ने सात दिसंबर को राज कुमार जैन को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित को जेल भेज पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। फर्जीवाड़े में अन्य की संलिप्तता की जांच की जा रही है।



