लखनऊ, 05 दिसम्बर (बु.)। उत्तर प्रदेश में बेसिक शिक्षा विभाग में कोर्ट की लम्बी लड़ाई के बाद नवनियुक्त सहायक अध्यापकों को नियुक्ति पत्र वितरण का कार्यक्रम जारी है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को अपने सरकारी आवास से ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से 36,590 सहायक शिक्षकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया। इनको जिला आवंटन भी शीघ्र होगा। इससे पहले सीएम योगी आदित्यनाथ ने 16 अगस्त को 31,227 सहायक स्कूल शिक्षकों को नियुक्ति पत्र वितरित किया था। 69,000 शिक्षक भर्ती अभियान 2020 के तहत शनिवार को 36,950 शिक्षकों को उनके नियुक्ति पत्र दिए गए हैं। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में ईमानदारी पूर्वक तरीके काम करना अपने आप में एक चुनौती हो जाती है, इसे पूरा करने में पग-पग पर बाधाएं आती हैं। सभी शिक्षकों को नियुक्ति पत्र प्रदान करने के आज के समारोह में उपस्थित समस्त नवनियुक्त शिक्षकगणों को मैं हृदय से अपनी शुभकामनाएं देता हूं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे लिए शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से पूरी करना महत्वपूर्ण था, क्योंकि प्रदेश के अंदर हमारे पास 1.58 लाख से अधिक बेसिक शिक्षा विभाग के विद्यालय हैं। इन विद्यालयों में बहुत जगह ऐसी स्थिति थी, जहां या तो विद्यालय में शिक्षक नहीं थे या फिर एकल शिक्षक के कारण सभी बच्चों पर ध्यान देना मुश्किल हो रहा था।सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इस महान कार्य के लिए मैं बेसिक शिक्षा विभाग को धन्यवाद देता हूं। जिन्होंने सभी चुनौतियों का सामना करते हुए आज सफलतापूर्वक 69,000 शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया को पूरी शुचिता और पारदर्शीता के साथ संपन्न किया है।




