दिल्ली, 9 दिसंबर(बु.)। राजधानी में कोरोना की संक्रमण दर में करीब एक फीसद की बढ़ोतरी हुई। इस वजह से संक्रमण दर 3.15 फीसद से बढ़कर 4.23 फीसद हो गई। वहीं, मौजदा समय में अस्पतालों में कुल 18,807 बेड उपलब्ध है। जबकि अस्पतालों में भर्ती मरीजों की संख्या छह हजार से नीचे आ गई है। अस्पतालों में अभी 5727 मरीज भर्ती हैं। कुछ दिन पहले तक अस्पतालों में भर्ती मरीजों की संख्या करीब 9500 तक पहुंच गई थी। इस तरह अस्पतालों में मरीजों का दबाव करीब 40 फीसद कम हुआ है। इस वजह से अस्पतालों में अभी 69.54 फीसद बेड खाली है। मौजूदा समय में कोविड केयर सेंटर में 371 व कोविड हेल्थ सेंटर में 115 मरीज भर्ती हैं। इसके अलावा होम आइसोलेशन में रहकर इलाज कराने वाले मरीजों की संख्या 14,279 से घटकर 12,909 हो गई है। पिछले एक सप्ताह से दिल्ली में कोरोना की संक्रमण दर पांच फीसद से नीचे रही थी। दो दिसंबर को संक्रमण दर घटकर पांच फीसद से नीचे आ गई थी। इसके बाद लगातार पांच दिनों तक संक्रमण दर में गिरावट देखा गया। इसके बाद छठे दिन संक्रमण दर में थोड़ी बढ़ोतरी हुई है।




