मेरठ, 7 दिसंबर(बु.)। छावनी परिषद की विशेष बैठक में टोल का ठेका 61 दिन के लिए बढ़ा दिया गया है। कोविड महामारी को देखते हुए ठेकेदार की ओर से 77 दिन लाकडाउन पीरियड का ठेका बढ़ाने के लिए बोर्ड को पत्र दिया गया था। करीब डेढ़ घंटे चर्चा और विरोध के बीच कैंट बोर्ड ने 61 दिन के लिए कैंट बोर्ड का ठेका यथावत रखने का निर्णय लिया है। यह ठेका 6 फरवरी 2021 की रात तक यथावत रहेगा। जिसमें छावनी के सभी 11 जगह से टोल की वसूली होती रहेगी। कैंट विधायक सत्य प्रकाश अग्रवाल का कहना है कि सेंट्रल गवर्नमेंट की ओर से महामारी को देखते हुए हर तरह के ठेके की अवधि बढ़ाने की बात कही गई थी। बोर्ड के सीईओ और अध्यक्ष की बात सुनने के बाद 61 दिन के लिए सहमत दी गई है। इसके बाद जिस जगह पर व्यवस्था नहीं होगी वहां से टोल की वसूली नहीं होगी। छह फरवरी के बाद छावनी परिषद नया टेंडर निकालेगा।




