महोबा, 9 दिसंबर(बु.)। एक ऐसा घर जहां कुछ देर पहले तक शादी की खुशियां मनाई जा रही थीं, तैयारियां चल रही थीं और निरंतर लोगों का आना जाना लगा हुआ था। अचानक उस घर की खुशियां मातम में बदल गईं। जहां खुशी से कुछ देर पहले तक लोग झूम रहे थे वहां अब ये स्थिति है कि लोगों के आंसू नहीं रुक रहे। अपनों की असामयिक मौत पर घर की दीवारें लोगों के करुण क्रदंन की गवाही दे रही हैं। महोबा के चरखारी कोतवाली क्षेत्र के स्वासामाफ निवासी लखन अहिवार के लड़के की बरात मध्य प्रदेश के जिला छतरपुर गे गांव दीवान जी का पुरवा गई हुई थी। बरात देर रात गांव पहुंची थी। बोलेरो मालिक छत्रपाल सिंह पुत्र वीरेंद्र सिंह स्वयं ही गाड़ी चला रहे थे। इसमें नौ बराती सवार थे। रात को गाड़ी बैक करते समय अंधेरा होने से वह समझ नहीं सके और गाड़ी कुए में गिर गई। घटना की सूचना मिलते ही थाना पुलिस पोर्स मौके पर पहुंची और लोगों की मदद से बरातियों को निकालने का प्रयास किया गया। बोलेरो सवार नौ लोगों में से 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि 3 लोग गंभीर रूप से घायल है जिन्हे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे का संज्ञान लेते हुए मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान ने शोक व्यक्त किया है। वहीं मध्यप्रदेश में हुई इस घटना पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महोबा में हुई सड़क दुर्घटना में लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। साथ दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए हादसे में हताहत प्रत्येक दिवंगत के स्वजन को दो लाख की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।



