नयी दिल्ली 13 दिसंबर (वार्ता) देश में कोरोना संक्रमण की रफ्तार धीमी पड़ने और इस बीमारी से निजात पाने वालों की संख्या में निरंतर इजाफे से रिकवरी दर बढ़कर 95 प्रतिशत के करीब पहुंच गयी है। केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटे में 30,254 नये मामले सामने आये जिससे संक्रमण के कुल मामले 98.57 लाख हो गये। इस दौरान 33,136 मरीजों के स्वस्थ होने से कोरोना को शिकस्त देने वालों की संख्या 93.57 लाख हो गयी है तथा रिकवरी दर बढ़कर 94.93 हो गयी है। इस दौरान सक्रिय मामले 3273 कम होकर 3.56 लाख रह गये हैं तथा 391 मरीजों की मौत होने से मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 1,43,019 हो गया है। देश में कोरोना के सक्रिय मामलों की दर कम होकर 3.62 प्रतिशत रह गयी है जबकि मृत्यु दर अभी 1.45 फीसदी है।
कोरोना से सर्वाधिक प्रभावित महाराष्ट्र में सक्रिय मामले 230 बढ़कर 74,638 हो गए हैं। इस दौरान 80 मरीजों की मौत होने से मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 48,139 हो गया है। वहीं अभी तक 17.53 लाख से ज्यादा लोग कोरोना को मात दे चुके हैं। वहीं राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पिछले 24 घंटों के दौरान सक्रिय मामलों की संख्या 1303 कम होकर 17,373 रह गयी। इस दौरान 47 मरीजों की मौत हुई है जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर 9981 हो गयी है। दिल्ली में 5.78 लाख से ज्यादा मरीज कोरोनामुक्त हुए हैं।




