दिल्ली, 17 दिसंबर(बु.)। कैलाश कॉलोनी में सुप्रीम कोर्ट की एक वकील को केमिकल के माध्यम से सम्मोहित कर तीन लोगों ने 31 हजार रुपये ठग लिए। बाद में युवती को ठगी का अहसास हुआ तो उन्होंने कॉल कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर ठगी गई रकम बरामद कर ली। आरोपितों की पहचान विष्णु गार्डन निवासी गुरदीप सिंह उर्फ अमन दिग्पाल व जोगा सिंह और श्याम नगर निवासी लखविंदर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपितों से सम्मोहित करने वाले केमिकल युक्त चॉकलेट, ठगी में इस्तेमाल की जाने वाली कार भी बरामद की है। दक्षिणी दिल्ली जिले के पुलिस उपायुक्त अतुल कुमार ठाकुर ने बताया कि कैलाश कॉलोनी निवासी युवती ने शिकायत की थी कि 12 दिसंबर को मारुति स्विफ्ट डिजायर कार से पगड़ी पहनकर तीन लोग आए। वे लोग लंगर आदि के लिए चंदा मांग रहे थे। उन्होंने पूजा की थाल में कुछ जला रखा था जिसके धुएं से उन्हें चक्कर सा आने लगा और वह सम्मोहित हो गईं। आरोपितों ने उन्हें अपनी कार में बैठाया और उन्हें पास में ही स्थित एटीएम ले गए। उनके कहने पर महिला ने 31 हजार रुपये निकालकर उन्हें दे दिए। इसके बाद आरोपित भाग गए। करीब आधा घंटा के बाद धुएं का असर कम हुआ तो उन्हें ठगी का अहसास हुआ।



