17.5 C
Muzaffarnagar
Sunday, November 8, 2026

दिल्लीः केन्द्रीय गृह सचिव करेंगे मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक से वर्चुअल माध्यम से बात

नयी दिल्ली 18 दिसम्बर (वार्ता) केन्द्रीय गृह सचिव अजय कुमार भल्ला पश्चिम बंगाल के मुख्य सचिव ए बंदोपाध्याय और पुलिस महानिदेशक वीरेन्द्र के साथ आज शाम राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति पर बात करेंगे। गृह मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि श्री बंदोपाध्याय और श्री वीरेन्द्र को कानून व्यवस्था की स्थिति पर बात करने के लिए मंत्रालय ने पिछले सप्ताह तलब किया था लेकिन उन्होंने उस समय यहां आने में असमर्थता जतायी थी। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा की पश्चिम बंगाल यात्रा के दौरान उनके काफिले पर पथराव की घटना को केन्द्रीय गृह मंत्रालय ने गंभीरता से लिया था और इसीके मद्देनजर इन दोनों अधिकारियों को तलब किया गया था। मंत्रालय ने गुरूवार को एक बार फिर इन दोनों अधिकारियों को पत्र लिखकर राजधानी आने को कहा था इसके जवाब में अधिकारियों ने कहा कि वे अभी भी दिल्ली आने में असमर्थ हैं लेकिन वर्चुअल माध्यम से केन्द्रीय गृह सचिव के साथ बात कर सकते हैं। इसके बाद वर्चुअल माध्यम से यह बैठक आयोजित की गयी है। सूत्रों के अनुसार गृह सचिव इस बैठक में दोनों अधिकारियों के साथ विशेष रूप से श्री नड्डा के काफिले पर पथराव की घटना और कानून व्यवस्था की स्थिति पर चर्चा करेंगे। केन्द्र ने इस घटना को काफी गंभीरता से लिया था और राज्य में तैनात भारतीय पुलिस सेवा के तीन अधिकारियों को केन्द्रीय प्रतिनियुक्ति पर भेजने का निर्णय लिया था। मुख्य सचिव से कहा गया था कि इन तीनों अधिकारियों को तुरंत पदमुक्त कर केन्द्रीय प्रतिनियुक्ति पर भेजा जाये।

 

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles