02 दिसम्बर (बु.)। चक्रवाती तूफान बुरवी के 4 दिसंबर को दक्षिण तमिलनाडु से टकराने की संभावना है। चक्रवात निवार के बाद केरल और तमिलनाडु पर एक और चक्रवात ‘बुरेवी’ का खतरा मंडरा रहा है। बंगाल की खाड़ी में गहरा दबाव का क्षेत्र बन रहा है, इसके चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना है। मौसम विभाग ने बताया कि चक्रवाती तूफान के दक्षिण तमिलनाडु में चार दिसंबर तक पहुंचने की संभावना है। इस दौरान दक्षिण तमिलनाडु में 2 और 4 दिसंबर को भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक चक्रवात आज शाम या रात में श्रीलंका के तटीय इलाकों से गुजरेगा। उसके बाद 3 दिसंबर को इसके पश्चिम की ओर मुन्नार की खाड़ी और कन्याकुमारी पहुंचने की संभावना है। 2 दिसंबर से केरल में तेज हवाएं और बारिश की संभावना है। बता दें कि पिछले हफ्ते चक्रवात निवार ने राज्य में तबाही मचाई थी।



