आगरा, 27 दिसंबर (बु.)। आगरा के खेरागढ़ की चीत गोशाला में गायाें के मरने का सिलसिला लगातार जारी है। बीते शनिवार को चार और गायों ने दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि इन गायों को नंदियों ने घायल कर दिया था। इसकी वजह से गायें गंभीर रूप से घायल हो गईं। समय पर उचित इलाज न मिलने से उन्होंने दम तोड़ दिया। ऐसे में इन नंदियों को अब इस गोशाला से अलग किया जा रहा है। उन्हें बाईंपुर स्थित नंदीशाला में भिजवाया जा रहा है। यहां भी जगह कम पड़ने की स्थिति में नराइच में नंदीशाला विकसित करने की तैयारी चल रही है। चीत गोशाला में लगभग 400 गोवंश रखने की क्षमता है, जबकि वर्तमान में यहां 650 से अधिक गोवंश हैं। इसमें लगभग 250 नंदी हैं। बलशाली नंदी चारे के लिए गायों को घायल कर देते हैं। ऐसे में अब इन्हें यहां से हटाया जा रहा है। हालांकि बाईंपुर स्थित नंदीशाला में भी क्षमता से अधिक नंदी होते जा रहे हैं। ऐसे में एक और नंदीशाला की जरूरत है। इसके लिए नराइच में स्थान चिह्नित किया गया है। यहां नगर निगम द्वारा गोशाला विकसित की गई है। इसी के पास ही नंदीशाला बनाई जा रही है। इसमें लगभग 450 नंदियों के रखने की व्यवस्था होगी। इससे पहले बाईंपुर स्थित गो आश्रय स्थल में भी गाय और नंदी दोनों एक साथ रखे जा रहे थे। इससे यहां भी कई गायों की मौत हो चुकी थी। इसके बाद यहां से गायों को हटाकर इसे नंदीशाला के रूप में विकसित किया गया।



